पंचायत चुनाव को ले डीएम ने की सभी कोषांगों की समीक्षा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने आसन्न पंचायत आम निर्वाचन-2021 के मद्देनजर सभी कोषांग के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में ईवीएम कोषांग के नोडल पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा बताया गया कि ईवीएम के एफएलसी का कार्य लगभग पूर्ण किया जा चुका है। सिर्फ बांका से आए कुछ बैलट यूनिट का एफएलसी किया जाना शेष है जिसपर कार्रवाई की जा रही है। वज्रगृह कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह कोषागार पदाधिकारी, अभय कुमार ने बताया कि कोषांग के लिए एक सहयोगी पदाधिकारी की आवश्यकता है। मतपत्र कोषांग के नोडल पदाधिकारी असलम अली को मतपत्रों की छपाई के लिए अग्रेतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मतपत्रों की छपाई के लिए प्लान बनाने का निर्देश दिया गया। कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी आलोक राय ने बताया कि पंचायत चुनाव हेतु कर्मियों का डेटाबेस तैयार कर लिया गया है। शीघ्र ही प्रतिवेदन तैयार कर पंचायत शाखा को भेज दिया जाएगा। सामग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी फतेह फैयाज ने बताया कि सामग्री कोषांग के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। साथ ही सामग्रियों का रिक्विजिशन पंचायत शाखा को चला गया है। वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि परिवहन के लिए बस मालिकों से अभी बैठक किया जाना है।

जिलाधिकारी ने वाहन कोषांग में अतिरिक्त पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा सुरक्षा बल कोषांग के लिए नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया आने वाले समय में प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों द्वारा प्रखंडों में विजिट कर पंचायत चुनाव की समीक्षा की जायेगी। नाम निर्देशन कोषांग के नोडल पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि कोषांग की बैठक कर ली गई है एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आईसीटी कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी प्रशांत कुमार द्वारा बताया गया कि सभी प्रखंडों में मास्टर प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी आईसीटी से संबंधित प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया। कम्युनिकेशन कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह डीपीओ आईसीडीएस ममता रानी ने बताया कि कम्युनिकेशन प्लान के तहत 122 बूथ की एंट्री शेष है। कोविड कोषांग के नोडल पदाधिकारी सिविल सर्जन डाॅ. वीरेंद्र प्रसाद को निर्देश दिया गया कि कोविड से संबंधित गाइडलाइंस का अध्ययन कर लें एवं पंचायत चुनाव के दौरान कोविड गाइडलाइंस का पालन कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सिविल सर्जन को कोविड से मृत व्यक्तियों के आश्रितों को भुगतान में अनावश्यक विलंब न कर तत्काल वेरिफिकेशन कर भुगतान हेतु सूची आपदा शाखा को भेजने का निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार, अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा, जिला भू अर्जन पदाधिकारी मनोज कुमार, सिविल सर्जन डा वीरेंद्र प्रसाद, दाउद नगर भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, सभी कोशांगो के नोडल पदाधिकारी एवं सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे।