डीएम ने किया दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा शिशु वार्ड एवं अन्य वार्ड समेत नए ऑक्सीजन प्लांट के कार्य का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त दाउदनगर अनुमंडल में कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई एवं इसमें प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने अवर निबंधन कार्यालय दाउदनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा कार्यालय में निबंधन से संबंधित लंबित रजिस्ट्री कागजातों का अवलोकन किया गया एवं लंबित निबंधन कागजातों को यथाशीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने आम जनता की सुविधा के लिए निबंधन कार्यालय के बाहर में सूचना पट्ट स्थापित करने का निर्देश दिया, जिसपर जिलाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों का दूरभाष संख्या अंकित करने को कहा जिसपर शिकायत दर्ज कराई जा सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कातेंश कुमार मिश्रा, दाउदनगर की अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम सिंह, दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।