DM ने अपात्र लाभुकों का राशन कार्ड बनाने वाले दाउदनगर के कार्यपालक सहायक की कर दी छुट्टी

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। दाउदनगर की अनुमंडल पदाधिकारी कुमारी अनुपम सिंह एवं हसपुरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा निर्गत पत्र से दाउदनगर अनुमंडल कार्यालय में पदस्थापित कार्यपालक सहायक अमरजीत कुमार के विरुद्ध पैसे लेकर फर्जी तरीके से राशन कार्ड बनाने की सूचना जिलाधिकारी को प्राप्त हुई थी।

सूचना के आलोक में दाउदनगर की अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा 03 सदस्यीय जांच टीम गठित कर कार्यपालक सहायक के राशन कार्ड बनाने से संबंधित कार्यों की जांच कराई गई। गठित तीन सदस्यीय जांच दल द्वारा जांच के बाद आरोप को सही पाया गया। हसपुरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आम जनता से पूछताछ करने पर दाउदनगर अनुमंडल कार्यालय के कार्यपालक सहायक द्वारा सुनियोजित ढंग से पैसों की वसूली कर राशन कार्ड निर्गत करने की बात बताई गई।

जांच दल द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन के आलोक में कार्यपालक सहायक से स्पष्टीकरण की मांग की गई, जो असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद दाउदनगर की अनुमंडल पदाधिकारी की अनुशंसा एवं त्रिसदस्यीय जांच दल द्वारा समर्पित प्रतिवेदन एवं अनुशंसा के आलोक में कार्यपालक सहायक को फर्जी तरीके से अपात्र लाभुकों को राशन कार्ड बनाने का दोषी पाते हुए जिलाधिकारी ने उसके अनुबंध को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।