अंचल अधिकारियों को डीएम ने दिया बाढ़ से निपटने की पूर्व तैयारी करने का निर्देश

औरंगाबाद(लाईव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में डीएम ने बरसात के मौसम के मद्देनजर की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होने कहा कि जो अंचल बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं, के लिये आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया। बैठक में बारुण, ओबरा, नबीनगर, गोह, हसपुरा एवं दाऊदनगर के अंचल अधिकारियों को नाव, नाविक, गोताखोर आदि की व्यवस्था करने का डीएम ने निर्देश दिया। साथ ही बरसात के दौरान बाढ़ आने पर राहत सामग्री वितरण हेतू स्थल चयन करने का भी आदेश सभी अंचल अधिकारियों को दिया।

कहा कि हर शनिवार को सभी अंचल में जनता दरबार का आयोजन अंचल अधिकारी तथा थानाध्यक्ष द्वारा किया जाना है। उन्होने अंचल अधिकारियों को दाखिल खारिज, परिमार्जन पोर्टल तथा आरटीपीएस के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंडों में सामुदायिक रसोई को सुचारू रूप से संचालित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता अनीशा भारती, आपदा प्रभारी मणिकांत कुमार, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।