डीएलएसए के तत्वावधान मे मना अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, औरंगाबाद के तत्वावधान में जिला शिक्षा पदाधिकारी के सहयोग से नगर भवन में अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कई विद्यालयों के प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश  सह प्राधिकार के सचिव प्रणव शंकर ने जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक निरंजय कुमार की सराहना की। कहा कि प्राधिकार द्वारा किसी भी विशेष अवसर पर कार्यक्रम को आयोजित करने तथा उसे सफल बनाने के लिए हरदम प्रयास किया जाता है। पूर्व में भी कई विशेष दिवस पर कई सफल कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। सचिव ने कहा कि महिलाओं को विशेष अधिकार भारतीय संविधान के तहत प्रदत हैं। अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों को सलाम करने का दिन है।

इस दिन को महिलाओं की आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा अन्य उपलब्ध्यिों के लिए उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। साथ ही उन्हें एहसास कराया जाता है कि महिलाओं का उत्थान समाज के लिए कितना खास है। कहा कि इस बार के अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस का थीम मजबूत भविष्य के लिए लैंगिक समानता जरूरी पर रखा गया है। धीरे-धीरे ही सही समाज में महिलाओं और पुरूषों के बीच समानता का भाव काफी बढ़ा है। इसे निरंतरता प्रदान किया जाना आवश्यक है और यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।