जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने प्रखंडों में की मास्क वितरण की जांच

औरंगाबाद(लाईव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले में मास्क के वितरण का निरीक्षण कर लोगों को मास्क का उपयोग करने हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है।

इसी कड़ी में गुरुवार को पुनः जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा प्रखंडों में मास्क वितरण की जांच की गई। इस दौरान सभी पदाधिकारियों द्वारा कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु मास्क का उपयोग करने के साथ साथ आम जनों को कोविड-19 का टीका लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस क्रम में आईसीडीएस की डीपीओ रीना कुमारी ने सदर प्रखंड के करमा भगवान एवं पोइंवा पंचायत में मास्क के वितरण की जांच की। लोगों को मास्क का उपयोग एवं टीकाकरण कराने के लिए जागरूक किया। इस दौरान उनके द्वारा संबंधित पदाधिकारी को जीविका द्वारा निर्मित मास्क की गुणवत्ता को ठीक करने का भी निर्देश दिया गया।

वही दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार ने ओबरा प्रखंड के बभंडीहा पंचायत में जीविका द्वारा निर्मित मास्क वितरण की जांच की। वरीय उप समाहर्ता मनीष कुमार ने दाउदनगर प्रखंड के तरार पंचायत में मास्क वितरण का निरीक्षण किया। इसी प्रकार भूमि सुधार उप समाहर्ता अविनाश कुमार सिंह ने देव प्रखंड के भवानीपुर एवं बरंडा रामपुर पंचायत में मास्क वितरण की जांच की। इसके अतिरिक्त जिला परिवहन पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने देव प्रखंड के पवई पंचायत में मास्क वितरण की जांच की। इसके अतिरिक्त सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों में संबंधित नगर कार्यपालक पदाधिकारियों द्वारा आम जनों को टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।