औरंगाबाद में उप मुख्यमंत्री ने की विकास योजनाओं व राजस्व संग्रहण की समीक्षा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने रविवार को औरंगाबाद समाहरणालय के योजना भवन में सभी विभागों के साथ विकास एवं राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक की।

राजस्व संग्रहण की समीक्षा के क्रम में सर्वप्रथम अवर निबंधन कार्यालय के अवर निबंधक ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में 116 प्रतिषत राजस्व की वसूली की गई थी। इस साल जुलाई महीने में 11 करोड़ 91 लाख रुपए राजस्व की वसूली हुई है। इसी प्रकार दाउदनगर निबंधन कार्यालय द्वारा जुलाई महीने में कुल 04 करोड़ रुपए राजस्व का संग्रहण किया गया है। जिला खनन पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि 2020-21 वित्तीय वर्ष में कुल 175 करोड यानी 115 प्रतिषत राजस्व की वसूली की गई थी। इस वित्तीय वर्ष में जुलाई महीने तक 11 करोड़ 59 लाख रुपए राजस्व की वसूली की जा चुकी है यद्यपि विभाग द्वारा अभी तक टारगेट उपलब्ध नहीं कराया गया है। उप मुख्यमंत्री ने अवैध खनन पर नियंत्रण रखने का सख्त निर्देश दिया। कहा कि जिन क्लस्टर से बालू बिक्री की जा रही है, वहां यह सुनिश्चित किया जाए कि आम आदमी तक यह बालू का विक्रय पहुंचे और इसमें कोई कोताही न हो। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जुलाई महीने तक जिला परिवहन कार्यालय द्वारा 11 करोड़ 78 लाख रुपए राजस्व की वसूली की गई है। इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने औरंगाबाद नगर परिषद के अंदर अंतर्गत विकासात्मक कार्यों का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

बताया कि औरंगाबाद नगर परिषद में 02 पार्क तैयार कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में सत्येंद्र नारायण सिंह पार्क में रोजाना 2000 से अधिक फुटफाल होता है। अभी यह पार्क प्रतिदिन 6.00 से लेकर 12.00 बजे तक खुल रहा है। कोविड पीरियड के दौरान इसे बंद कर दिया गया था जिसके कारण फुटफाल में कमी आई है। बताया गया कि इस पार्क में ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया कलर फुल फाउंटेन, डेकोरेटिव लाइट्स, सीसीटीवी कैमरे एवं सेल्फी प्वाइंट जैसे खूबसूरत स्थल उपलब्ध हैं। वन प्रमंडल पदाधिकारी, तेजस जायसवाल ने बताया कि जल जीवन हरियाली के तहत इन दोनों उद्यानों का ब्यूटीफिकेशन एवं वृक्षारोपण का कार्य भी कराया गया है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने वन प्रमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले में अवस्थित पार्कों का सही ढंग से रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण करना सुनिश्चित करेंगे। नगर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि औरंगाबाद नगर परिषद अंतर्गत सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का डीपीआर तैयार कर लिया गया है एवं जमीन का चयन भी किया जा चुका है। इसके लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ-साथ रमाबांध बस स्टैंड का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। अंत में अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन पर बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई। बैठक में औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, पुलिस अधीक्षक कांतेष कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार, अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, दाउदनगर की अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम सिंह एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।