गर्मी की कहर,हीटवेव की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत

अम्बा (औरंगाबाद)। हीटवेव की चपेट में आकर रविवार को दोपहर दो बजे 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना अम्बा के हरिहरगंज रोड में बस स्टैंड के पास की है। मृतक की पहचान रफीगंज प्रखंड के राजा बिगहा गांव निवासी नारायण प्रसाद सोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक की बहन अम्बा में रहती है। वे अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी क्रम में बस स्टैंड के समीप चक्कर खाकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना देने के पश्चात एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और उन्हें रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले गई। जहां चेकअप करने के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। चिकित्सा पदाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा।