निर्माणाधीन मकान से मां-बेटी का शव बरामद, सुसाइड या मर्डर, जांच में जुटी पुलिस 

रफीगंज(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। रफीगंज थाना क्षेत्र में अब्दुलपुर एवं कर्मी गांव के बीच बधार में एक अर्द्ध निर्मित मकान से स्थानीय पुलिस ने शनिवार की सुबह दो महिलाओं का शव बरामद किया है। दोनो की पहचान मां-बेटी के रूप में की गई है।

अर्द्ध निर्मित मकान के मालिक सिहुली खैरा निवासी रीना देवी एवं उसके पति लोरिक यादव ने बताया कि आज सुबह अपने मकान में पानी पटाने आए तो देखा कि दो महिलाएं सोई हुई हैं। दोनों को जगाने की काफी कोशिश की लेकिन दोनों नहीं जगी। इसके बाद तुरंत पास के गांव अब्दुलपुर जाकर लोगो को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गये और घटनास्थल पहुंचकर शवों को देखा। इसकी जानकारी रफीगंज थाना को दी। जानकारी मिलते ही रफीगंज थानाध्यक्ष राम इकबाल यादव, एसआई कविता कुमारी, निशा कुमारी एवं सरस्वती कुमारी सदल बल मौके पर पहुंचे और पाया कि दो महिलाओं का शव पड़ा है। इधर यह खबर जंगल मे लगी आग की तरह तुरंत चारों ओर फैल गई। लोग तरह-तरह की बातें कहने लगे।

हालांकि शवों को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि जहरीला पदार्थ खाने से उनकी मौत हुई है। शव के पास से खाने की सामग्री, दो कोल्ड ड्रिंक की बोतल, एक लेडिज पर्स, मोबाइल, पैसा एवं दवा भी मिला है। दोनों महिलाओं की पहचान गया जिले के धनिया बगीचा निवासी ममता और पूजा के रूप में हुई है। मृतक के परिवार के लोगों ने बताया कि पूजा का ससुराल वालों के साथ खटपट चल रहा था। शवों के पास मिले मोबाइल के नंबर से फोन किया गया तो गया के किसी राजा कुमार से बात हुई जिसने बताया कि उनमें से एक उसकी मां 52 वर्षीय ममता देवी पति सत्येन्द्र कुमार तथा दूसरी उसकी 32 वर्षीय बहन पूजा कुमारी हैं। उसने बताया कि शुक्रवार को घर से दोनों निकली हैं और गया जिला के धनिया बगीचा मोहल्ले के रहने वाले हैं। पूजा कुमारी का ससुराल गया के खरखुरा में है। बहन के पति का नाम सचिन कुमार है जिसके दो बच्चे भी हैं। पूजा का एक 6 साल का लड़का एवं 4 साल की लड़की है। राजा कुमार ने बताया कि उसकी बहन पूजा कुमारी का ससुराल से विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद करने के बाद कागजी प्रक्रिया कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया है। रफीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि शवों को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि जहरीला पदार्थ खाने से दोनों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही विस्तृत जानकारी हो पाएगी।