टंडवा थाना के सामने मकई के खेत में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले के अति नक्सल प्रभावित टंडवा थाना के सामने मक्के के खेत में पेड़ से टंगी एक युवक का लाश बुधवार की सुबह बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। कहा जा रहा है कि युूवक कर्ज के कारण डिप्रेशन में था। इसी कारण उसने आत्महत्या की है। हालांकि मामला हत्या या आत्महत्या का है, इसकी पुलिस जांच में जुटी है।

युवक की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के पुरहरा गांव निवासी विजेंद्र प्रजापति(37वर्ष) के रुप में हुई है। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। मृतक के भाई ने बताया कि युवक मजदूरी का काम करता था। कोरोना काल में काम मिलना बंद हो गया था। इसलिए घर चलाने के लिए उसने 50 हजार रुपए से अधिक कर्ज लिया था। कर्ज उतारने को लेकर वह हमेशा चिंतित रहता था।

वह घर से किसी काम से निकला था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी युवक नही मिला। इसके बाद बुधवार की सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने परिजनों को टंडवा थाना के सामने शव मिलने की सूचना दी। घटना की सुचना मिलते ही टंडवा थानाध्यक्ष सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पेड़ से उतार पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया की यह हत्या या आत्महत्या का मामला है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।