डीडीसी ने की उत्पाद मामलों की समीक्षा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार द्वारा उत्पाद से संबंधित मामलों की सभी पीठासीन पदाधिकारियों, उत्पाद अधीक्षक एवं विशेष लोक अभियोजक के साथ समीक्षा बैठक आहूत की गई।

सर्वप्रथम उप विकास आयुक्त ने अधीक्षक मद्यनिषेध से सभी पीठासीन पदाधिकारियों के उत्पाद न्यायालय में निष्पादित वादों की संख्या की जानकारी ली। उत्पाद अधीक्षक सीमा चैरसिया ने बताया कि सभी छह उत्पाद न्यायालय को मिलाकर अब तक कुल लगभग 500 अधिहरण वादों में राजसात की कार्रवाई की जा चुकी है एवं शेष में कार्रवाई चल रही है। उप विकास आयुक्त द्वारा सभी पीठासीन पदाधिकारियों को राजसात की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

अधीक्षक, मद्य निषेध को निर्देश दिया गया कि सभी उत्पाद अधिहरण न्यायालयों में निर्गत नोटिस में से शेष बचे नोटिस का त्वरित तौर पर तामिला कराया जाए ताकि वादों का निष्पादन सा समय किया जा सके। इसके पश्चात उप विकास आयुक्त द्वारा इस माह में छापेमारी के दौरान जप्त शराब के विनष्टीकरण की जानकारी ली गई। बैठक में उत्पाद अधीक्षक सीमा चैरसिया, सभी पीठासीन पदाधिकारी, विशेष लोक अभियोजक अवधेश कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।