DDC ने की सभी BDO व PO के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आहूत की।

बैठक में सर्वप्रथम उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना, शौचालय निर्माण आदि योजनाओं में प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारियो को पंचायत चुनाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके बाद सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों के साथ मनरेगा योजना एवं जल जीवन हरियाली अभियान की समीक्षा की गई। जल जीवन हरियाली अभियान के तहत ली गई योजनाओं के क्षेत्रफल को जेजेएच पोर्टल पर सही अंकित करने का निर्देश सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को दिया गया। सभी को जल जीवन हरियाली अभियान अंतर्गत योजनाओं का फेजवाइज फोटो जल जीवन हरियाली पोर्टल पर अपलोड करने में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को उनके द्वारा प्रेषित किए गए मासिक प्रगति प्रतिवेदन एवं वेब पोर्टल पर प्रविष्टि में भी भिन्नता पर चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जल जीवन हरियाली पोर्टल पर अन्य मार्क की गई योजनाओं को सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को योजना का नाम अंकित करने का निर्देश दिया गया। इसके पश्चात योजना के पूर्णता की भी समीक्षा की गई एवं योजनाओं के पूर्णता में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया ताकि जिले की रैंकिंग में प्रगति आए। बैठक में नोडल पदाधिकारी जल जीवन हरियाली सह वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार, डीपीओ मनरेगा विजय सिंह, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित थे।