गांधी जयंती पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इंसाफ  निकालेगा साइकिल रैली

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। इंडियन सोशल एक्शन फोरम(इंसाफ) अपने सहयोगी संगठन ऑल इंडिया हॉकर्स फोरम के साथ मिलकर गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को राज्य के दस से अधिक जिलों में साइकिल रैली निकालेगा।

इंसाफ के संयोजक इरफान अहमद ने बताया कि गांधी जयंती पर शांति एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ जलवायु परिवर्तन की मुहिम को लेकर भारत के विभिन्न राज्यों में संगठन जागरूकता अभियान आरंभ कर रहा है। इस सिलसिले में बिहार इकाई ने 2 अक्टूबर को बिहार के 10 से 12 जिले में इंसाफ, हॉकर्स फोरम व सहयोगी संगठन एक साथ मिलकर सुबह 8 बजे से 9 बजे तक साइकिल रैली निकालने का निर्णय लिया है।

यह रैली जिलों में स्थित महात्मा गांधी की किसी प्रतिमा के समक्ष सभा में तब्दील हो जाएगी, जहां शांति एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को लेकर संकल्प दुहराया जाएगा। अभियान का समापन पटना में 5 एवं 6 नवंबर को सहयोगी संगठनों के साथ राज्य स्तरीय कन्वेंशन का आयोजन कर किया जाएगा। कन्वेंशन में बिहार इकाई इस मसले को लेकर अपनी भविष्य की कार्ययोजना भी तैयार करेगी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को औरंगाबाद, रोहतास, छपरा, सिवान, आरा, जहानाबाद, लखीसराय एवं दरभंगा में रैली होगी।