रफीगंज के सीमा में अपराधियों ने की महिला की गला रेतकर हत्या, बघार से शव बरामद 

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड में पौथु थाना क्षेत्र के सीमा गांव में बघार से सोमवार की सुबह एक महिला का हत्या कर फेंका हुआ शव बरामद हुआ है।

गांव में दूसरी बार हत्या कर फेंकी गई लाश बरामद हुई है। करीब एक माह पहले भी इसी गांव से हत्या कर फेंका हुआ शव बरामद हुआ था। दोनों ही मामलों में अभी पुलिस के हाथ खाली है। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पौथु थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। पुलिस के मुताबिक महिला की गर्दन काटकर हत्या की गयी है। बाद में शव को फेंका गया है। मृतका की पहचान सीमा गांव निवासी रणविजय चंद्रवंशी की पत्नी सविता देवी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि महिला रविवार की शाम घर से निकली थी। घर नही लौटने पर परिजनों ने देर रात तक काफी खोजबीन की लेकिन कही कुछ पता नही चला।वही सोमवार की सुबह गांव के बगल बघार में शौच करने गयें लोगों ने महिला के शव को देखा। शव देखे जाते ही सनसनी फैल गयी। शव की हालत देखते ही लोगो के समझ में आ गया कि महिला की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की गयी है। हत्या की खबर पौथु थाना क्षेत्र के पूरे इलाके में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पौथु थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का पुलिस ने बारीकी से मुआयना किया। स्थानीय लोगो से बात कर मामले की जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह के अंदर गांव में हत्या की यह दूसरी घटना है। पुलिस पहली घटना को अभी सुलझा नही पाई है और यह दूसरी वारदात हो गयी। मृतका के दो बच्चें-एक लड़का और एक लड़की है। दोनों बच्चों समेत पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। परिजन चित्कार कर रहे है। गांव में मातम पसरा है। मामले में पौथु थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि सीमा गांव में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेजा गया है। करीब एक माह में गांव में हत्या की दो वारदातों को अपराधियों द्वारा अंजाम दिया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि 20 दिन पहले भी गांव के एक किसान की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी और शव को खेत में फेंक दिया था।