औरंगाबाद में 12 फरवरी तक जारी रहेगा ठंड का कहर, 10-11 को हल्की बारिश की संभावना

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले मे एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 एवं 11 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।

कृषि विज्ञान केन्द्र, सिरिस के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चैबे ने बताया कि 10 और 11 फरवरी को हल्के से आंशिक बादल छाए रहने की सम्भावना है। इस दौरान 10 से 11 किलोमीटर की गति से पूर्वा हवा बहेगी। 9 फरवरी से ही मौसम में परिवर्तन दिखाई देने लगेगा। 8, 9, 10, 11, 12 फरवरी को अधिकतम तापमान 22, 23, 25, 26, 24 और न्यूनतम तापमान 10, 11, 14, 1, 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। औरंगाबाद जिले का 7 फरवरी 2022 का अधिकतम तापमान 23.3 एवं न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दरअसल पच्छिमी विक्षोभ की सक्रियता और अधिकता मौसम को प्रभावित कर रही है। इस परिवर्तन ने न केवल मानसून सीजन को बल्कि शीतकालीन सत्र को भी प्रभावित किया है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अभी ठंड से राहत नही मिलने वाली है और ठंड का प्रकोप बारिश होने के बाद भी जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम खराब होने पर किसी भी प्रकार के खरपतवारनाशी, फफूंदनाशी, कीटनाशक दवा का छिड़काव नही करना चाहिए। मौसम साफ होने पर ही दवा का छिड़काव करें।