बच्चा चुराकर भाग रहे चोर को परिजनों ने पकड़ा, पिटाई के बाद किया पुलिस के हवाले            

गोह(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गोह के बंदेया थाना क्षेत्र में बच्चा चुराकर भाग रहे एक बच्चा चोर को परिजनों ने पकड़कर मंगलवार को पुलिस के हवाले कर दिया।

पकड़े गये बच्चा चोर की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नाथपुर थाना के मन्नपुर गांव निवासी स्व. सलामत खां के पुत्र आशुक खां के रूप में की गई है। बताया जाता है कि गोह थाना के साव बिगहा निवासी गुड्डू यादव का पांच वर्षीय पुत्र जीतू कुमार घर से बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चा चोर उसे चुरा कर भाग निकला। इसकी भनक आसपास के लोगों को लगी तो बात हवा में आग की तरह फैल गई।

परिजन और ग्रामीण बच्चें को खोजने दौड़ पड़े। परिजनों ने डिहुरी नहर के पास बच्चें  को सकुशल बरामद करते हुए बच्चा चोर को धर दबोचा। इस दौरान ग्रामीणों ने बच्चा चोर की पिटाई भी की। बाद में परिजनों ने बच्चा चोर को बंदेया थाना की पुलिस को सपुर्द कर दिया। बंदेया थानाध्यक्ष रामायण कुमार ने बताया कि बच्चा चोर को जेल भेज दिया गया है।