औरंगाबाद से भी जुड़े बीपीएससी पेपर लीक के तार, अम्बा के झखरी से युवक गिरफ्तार, गांव के लोगो को संलिप्तता पर यकीन नही

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बीपीएससी पेपर लीक कांड का तार औरंगाबाद से भी जुड़ रहा है।

लीक कांड की जांच कर रही पटना से आई टीम ने कुटुम्बा प्रखंड के झखरी गांव से सुधीर कुमार नाम के एक युवक को गिरफ्तार कर ले गई है। युवक पिछले सात-आठ माह से गांव पर ही रह रहा था। इस बार की बीपीएससी परीक्षा में शामिल भी नही हुआ था। हालांकि सरकारी सूत्रों का कहना है कि सुधीर की पेपर लीक में संलिप्तता है और उसके खिलाफ साक्ष्य मिले है। वही सरकारी दावे के विपरीत झखरी गांव के लोगो को सुधीर की बीपीएससी पेपर लीक में संलिप्तता पर यकीन नही है। सुधीर के पिता राजदेव सिंह ने बताया कि उनका पुत्र पिछले छः सात माह से गांव पर ही रह रहा था।

कहा कि पिछले 15 साल से पटना में ही रहकर उसने पढ़ाई की है। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई और कंपीटिशन की तैयारी करता था। गांव के लोगो को भी सुधीर के बीपीएससी पेपर लीक में शामिल होने पर यकीन नही है। गांव के राधेश्याम सिंह एवं गोपाल सिंह कहते है कि वे सुधीर को बचपन से लेकर आजतक देख रहे है। वह सीधा साधा लड़का था। वह किसी तरह का नशा तक नही करता था। वह जब भी गांव आता था तो गांव के सभी लोगों से मिलता जुलता था। सबसे घुल मिलकर बात करता था। वह नेक और होनहार लड़का था। वह लगातार कंपीटिशन परीक्षा दे रहा था। सफलता नही मिलने के बावजूद वह निराश नही होता था बल्कि फिर से तैयारी में लग जाता था। उन्हे एकदम यकीन नही है कि सुधीर इस तरह का भी काम कर सकता है।