नवनेर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न

ओबरा(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज ब्यूरो)। भाजपा के कारा मंडल का नवनेर गांव में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष केदार सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, वरीय नेता उज्ज्वल कुमार, धर्मेंद्र शर्मा टैगोर ने पार्टी के इतिहास, विचार, परिवार, पंच निष्ठा, 2014 के पहले व 2014 के बाद की भाजपा, व्यक्तित्व विकास आदि विषयों की विस्तार से चर्चा की। कहा कि व्यक्तित्व निर्माण के माध्यम से देश का पुनर्निर्माण करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यकर्ताओं में व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष बल दिया गया। हमारी जो पंच निष्ठा है, जो सिद्धांत है, सर्वप्रथम देश उसके बाद पार्टी। हम इन्हीं सिद्धांतों को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण शिविर में सभी लोग उपस्थित हैं। लोकतंत्र में निष्ठा, समता युक्त गांधीवादी आर्थिक दृष्टिकोण से ही देश आगे बढ़ेगा और गरीब किसानों का भला होगा। पार्टी के सभी मंडलों में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह, महामंत्री चंदन कुमार वालिया, भाजपा नेता रामकुमार बाबू आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।