भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी ने किया गांवों का भ्रमण, की सम्राट अशोक जयंती समारोह में व्यापक जनभागीदारी की अपील    

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय मेहता ने पार्टी द्वारा आगामी 2 अप्रैल को रोहतास जिले के सासाराम में आयोजित सम्राट अशोक जयंती समारोह में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर मंगलवार को ओबरा प्रखंड के सोनहुली, सरसौली, गंजपर एवं मलवा गांव भ्रमण किया।

इस दौरान छोटी छोटी आमसभा को संबोधित करते हुए पिंकी मेहता ने सम्राट अशोक जयंती समारोह को भव्य एवं शानदार रूप से मनाने के लिए सभी माता एवं बहनों को सासाराम के रेलवे मैदान चलने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बिहार की भूमि पाटलिपुत्र में जन्मे सम्राट अशोक की महानता को पूरा विश्व जानता है। उस महानता को निखारने के लिए एक बार हम सबों को पूरे जोश के साथ बल दिखाने की आवश्यकता है।

वही पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमने सबको देखा सबको परखा है। हमारे पूर्वज शकुनी चौधरी को अपना नेता मानते थे और आज हम सब सम्राट चौधरी को अपना नेता मानते हैं। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सम्राट चौधरी को बहुत बड़ी जिम्मेदारी देते हुए हम सबको धन्य कर दिया है। हम सबका दायित्व बनता है कि उनके हाथों को मजबूत करें और रेलवे मैदान सासाराम में लाखों की संख्या में पहुंचकर सम्राट अशोक की जयंती को सफल एवं ऐतिहासिक बनाएं और अपने पूर्वजों के चिन्ह को स्थापित करें। वहीं शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सम्राट अशोक पूरे विश्व के प्रिय थे। इसी वजह से आज हमारे बिहार में ही नहीं पूरे विश्व में उनकी जयंती मनाई जा रही है। ऐसी स्थिति में आप सब सासाराम के रेलवे मैदान में पहुंचना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में भाजपा के विधानसभा संयोजक  संजय कुमार गुप्ता, ओबीसी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुशवाहा, वार्ड प्रतिनिधि संजय कुशवाहा एवं मनीष कुमार आदि ने भी विचार रखे।