बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन ने कर दिया काम तमाम, होमगार्ड की बहाली में दूसरे के बदले दौड़ने आए दो अभ्यर्थी गिरफ्तार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के पुलिस लाइन में शुक्रवार को होमगार्ड की बहाली प्रक्रिया के शुरू होने के पहले ही दिन दो मुन्नाभाई पकड़ में आ गये।

दरअसल दोनो ही दो अलग-अलग अभ्यर्थियों के बदले में दौड़ लगाने आए थे। दोनो एक्सपर्ट थे। दौडने का मौका मिल जाता तो़ सफल भी हो जातेे। जिन उम्मीदवारों के बदले में ये दौड़नेवाले थे, उन्हे तो इनके सफल होने पर लॉट्री यानी होमगार्ड की नौकरी मिलने की पूरी उम्मीद थी लेकिन उनकी उम्मीदों पर ऐसा पानी फिरा कि अब वे गिरफ्तारी से बचने के लिए भागते फिर रहे है। हुआ यह कि होमगार्ड की बहाली में जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के सत्यापन के लिए बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन का इंतजाम किया था। बहाली में सेटिंग करने वालो को इसकी उम्मीद ही नही थी।

इसी वजह से जैसे ही बायोमीट्रिक वेरिफिकेशन हुआ, वैसे ही दोनो मुन्नाभाई पकड़े गये। दोनो की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए औरंगाबाद के जिलधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के बदले में पकड़े गये दोनो लोग दौड़ लगाने आए थे, उनकी भी पहचान हो गयी है। दोनो नकली अभ्यर्थियों के साथ ही दोनों असली उम्मीदवारों पर भी प्राथमिकी होगी और वे भी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे। उन्होने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से होमगार्ड बहाली का पुख्ता प्रबंध किया गया है। इस कारण किसी भी प्रकार से गड़बड़ी नही होने दी जाएंगी। जो लोग गड़बड़ी का प्रयास करेंगे, वे जेल जाएंगे।