कोटवारा पंचायत के मुखिया बिंदेश्वर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष बने

रफीगंज(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। रफीगंज डाकबंगला के पास एक निजी भवन में मुखिया संघ के चुनाव हेतु बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता कोटवारा पंचायत के मुखिया बिंदेश्वर कुमार सिंह ने की जबकि संचालन सिहुली पंचायत के मुखिया यूसुफ अली खां ने किया।

बैठक में चर्चा परिचर्चा के बाद सर्वसम्मति से बिंदेश्वर कुमार सिंह को अध्यक्ष, सिहुली पंचायत के मुखिया यूसुफ अली खान को उपाध्यक्ष, केराप पंचायत की मुखिया कलावती देवी को सचिव एवं बलार पंचायत के मुखिया अरुण कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान ईटार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह जिला कॉपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष संजय यादव ने आवास सहायक की मनमानी पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि सभी पंचायत में कमोबेश यही स्थित बनी हुई है। उपस्थित सभी मुखिया से ग्रामसभा से ही लाभुकों की प्राथमिकता सूची बनाने को कहा। इस संबंध में संघ का प्रतिनिधि मंडल बीडीओ को ज्ञापन देगा।

अगर सुधार नही होगा तो डीएम से भी मिलकर शिकायत किया जायेगा। कहा कि उपस्थित सभी प्रतिनिधि पहले अपने अधिकार को समझें। इसके लिए पंचायती राज अधिनियम की पुस्तकों को बारीकी से पढ़ना होगा। पंचायत स्तरीय कर्मियों की उपस्थिति पंचायत मुख्यालय में सुनिश्चित होनी चाहिए अन्यथा अनुपस्थिति विवरणी प्रखंड कार्यालय को भेजे। इस मौके पर भेटनिया पंचायत के मुखिया रामजनम यादव, लोहरा मुखिया प्रतिनिधि मो. इमरान, चरकावा के मुखिया मो. सेराज अंसारी, कजपा मुखिया प्रतिनिधि श्रीकांत कुमार, पोगर मुखिया शंकर दयाल यादव, चेंऊं मुखिया प्रतिनिधि जैनुल अंसारी, भदवा मुखिया प्रतिनिधि रामसेवक राम, भदुकी कला मुखिया प्रतिनिधि बिरजा ठाकुर एवं ढोसिला मुखिया गुड़िया देवी उपस्थित थी।