बिहार-झारखंड का कुख्यात नक्सली विनय यादव गिरफ्तार, दर्ज है 50 से अधिक केस, डुमरी पंचायत का मुखिया भी धराया

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार-झारखंड का कुख्यात नक्सली कमांडर विनय यादव को लेवी के लाखों रुपये के साथ औरंगाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विनय पर बिहार में पांच लाख रुपये का इनाम रखा गया था, जबकि झारखंड में उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। उसके साथ ही कई अन्य लोग भी गिरफ्तार किए गए, जिनसे पूछताछ की जा रही है। विनय यादव कुटुंबा प्रखंड के देउरा गांव का निवासी है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में कुटुंबा प्रखंड के डुमरी पंचायत के मुखिया रवींद्र यादव, ओबरा के महसू निवासी विनय यादव के समधी सरयू यादव, देव प्रखंड के घुरनडीह निवासी कमलेश यादव, मदनपुर थाना क्षेत्र के लंगूराही निवासी अवधेश यादव, मदनपुर थाना क्षेत्र के पिंटू यादव शामिल है। इनके पास से लेवी के लाखों रुपये बरामद हुए हैं। इसके अलावा हथियार और कारतूस भी बरामद होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है।

जानकारी के अनुसार विनय यादव को दाउदनगर थाना क्षेत्र के मायापुर गांव से गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में नक्सली संगठन में रिजनल कमांडर और पीएलजीए का सदस्य भी है। उसकी निशानदेही पर ओबरा थाना क्षेत्र के महसु गांव से उसके समधी सरयू यादव को गिरफ्तार किया गया है। नगर थाना क्षेत्र के गांधी नगर से डुमरी मुखिया को गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य लोगों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा गया है। विनय यादव पर विभिन्न थानों में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इसकी गहनता से छानबीन कर रही है।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)