Bihar Assembly Election 2025 : कौन है रफीगंज के ‘Mr INDIA’, जन सुराज के इस टिकट के दावेदार ने बताया हुलिया

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तारीखों की घोषणा के साथ ही औरंगाबाद के रफीगंज विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक फिजां में एक उप नाम का बड़ा धमाका हुआ है।

यह धमाका इसी क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के चुनावी टिकट के प्रबल दावेदार, पार्टी के वरीय नेता व मदनपुर के चेई नवादा पंचायत के मुखिया विकास कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह ने किया है। सिंह ने मंगलवार को मदनपुर के वार में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में यह धमाका करते हुए रफीगंज के निवर्तमान राजद विधायक मो. नेहालुद्दीन पर बड़ा आरोप लगाया।

जन सुराज के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते विकास कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह

कहा कि बॉलीवुड की एक फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ है। इस फिल्म का नायक मिस्टर इंडिया है, जो लोगों को दिखाई नही देता है। रफीगंज के विधायक भी इस क्षेत्र के लिए ‘मिस्टर इंडिया’ है। वह भी लोगों को दिखाई नही देते है। उन्हे यह उप नाम ऐसे ही नही दे रहे है बल्कि यह सच्चाई है क्योकि विधायक का क्षेत्र में दर्शन दुर्लभ है। गलती से रफीगंज विधानसभा क्षेत्र की जनता ने ‘मिस्टर इंडिया’ को अपना विधायक चुन लिया लेकिन जनता इस बार यह गलती नही करने जा रही है, बल्कि बेलागंज से आए ‘मिस्टर इंडिया’ को वापस उनके घर पहुंचाने जा रही है। उन्होने कहा कि जन सुराज पार्टी और इसके आने वाले प्रत्याशी ही ‘मिस्टर इंडिया’ को जनता के सहयोग से चुनावी पटखनी देने में सक्षम है। इस बार के विधानसभा चुनाव के मैदान में ‘मिस्टर इंडिया’ चारो खाने चित होंगे।