Bihar Assembly Election 2025 : दूसरे चरण की अधिसूचना जारी होने के बाद नबीनगर से अर्चना चंद्र खोलेगी नामांकन का खाता, समर्थकों व शुभेच्छुओं के साथ 14 अक्टूबर को दाखिल करेंगी नामजदगी का पर्चा   

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन के पहले दिन सोमवार को औरंगाबाद के छः विधानसभा सीट में से किसी भी सीट के लिए किसी भी प्रत्याशी ने दाखिल नही किया है। उम्मीद है कि कल 14 अक्टूबर यानी नामांकन के दूसरे दिन उम्मीदवारों के नाम निर्देशन का खाता खुल सकता है। इस बीच खबर मिली है कि नबीनगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी की प्रत्याशी अर्चना चंद्र मंगलवार को पर्चा दाखिल कर नबीनगर में नामांकन का खाता खोलेंगी।

जन सुराज पार्टी के औरंगाबाद जिलाध्यक्ष बृजमोहन सिंह ने बताया कि औरंगाबाद जिले की छः विधानसभा सीटों में से तीन के लिए पार्टी ने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। इनमें नबीनगर से अर्चना चंद्र, कुटुम्बा से श्यामबलि पासवान एवं गोह से सीताराम दुखारी शामिल है। उन्होने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों के नामांकन की तारीख तय की जा रही है और नबीनगर की पार्टी प्रत्याशी द्वारा नामांकन की तारीख तय करते हुए इसके लिए निर्धारित सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली है।

नबीनगर की जन सुराज प्रत्याशी अर्चना चंद्र 14 अक्टूबर को बारूण से समर्थकों, शुभेच्छुओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ औरंगाबाद आकर नबीनगर के निर्वाची पदाधिकारी सह औरंगाबाद के भूमि सुधार उप समाहर्ता श्वेतांक लाल के समक्ष नाम निर्देशन पत्र दाखिल करेगी। उन्होने कहा कि अर्चना चंद्र का नामांकन जुलूस ऐतिहासिक होगा और इसमें सर्व समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी होगी।  कहा कि अर्चना चंद्र लोकप्रिय जन नेत्री है और नामांकन के बाद वह सभा कर अवाम को अपना विजन भी बताएगी।