बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ साइकिल यात्रा के लिए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम को मिला सम्मान

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पहल बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के प्रति जन जागरूकता के लिए औरंगाबाद जिले में अभियान चलाने के लिए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह को पार्टी ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सम्मानित किया।

भाजपा के संगठन मंत्री नागेंद्र कुमार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की प्रदेश संयोजक रीता शर्मा एवं नव मनोनीत विधान पार्षद निवेदिता सिंह ने संयुक्त रुप से श्री सिंह को सम्मानित किया। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में 17 मार्च से 5 अप्रैल तक पुरुषोत्तम ने साइकिल यात्रा निकाली थी। नबीनगर के गजना धाम से निकली साइकिल यात्रा के माध्यम से 750 किलोमीटर की दूरी करते हुए जिले के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर बेटियों को बचाने तथा पढ़ाने की अपील की गई थी। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष द्वारा निकाली गई यह यात्रा बिहार में अनूठी यात्रा थी। यात्रा के प्रारंभ के दिन प्रदेश के भी कई नेता मौजूद रहे थे।

सम्मानित करते हुए संगठन मंत्री नागेंद्र कुमार, नव मनोनीत विधान पार्षद निवेदिता सिंह एवं प्रदेश संयोजक रीता शर्मा ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पहल है और इस पहल को जन जन तक पहुंचाने के लिए पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने बेहतर काम किया है। आम लोगों तक यह पहल पहुंची है। जिस तरह से पहले बेटियों को कोख में मार दिया जाता था, अब बेटियों को भी बेटे की तरह शान समझा जा रहा है। यह प्रधानमंत्री की अपील का ही असर है कि आज बेटियां भी हर दिशा में आगे आ रही हैं और अपने कार्यों से परिवार, समाज और देश का नाम ऊंचा कर रही है। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस सम्मान से उन्हें पार्टी के हित में कार्य करने की और शक्ति मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी योजनाएं और पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान ग्रामीणों का काफी साथ मिला था। सम्मानित होने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रदेव यादव, सुनील सिंह, बृजेन्द्र सिंह, विनोद शर्मा, अविनाश कुमार, सुशील कुमार आदि ने श्री सिंह को बधाई दी है।