प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित लाभुकों ने किया बीडीओ के खिलाफ प्रदर्शन

हसपुरा(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। हसपुरा प्रखंड के मलहारा पंचायत में तकनीकी खामी के चलते पूरे पंचायत के लोग प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रह गए है। इसे लेकर पंचायत के वार्ड नंबर-10 टनकुपी गांव के दर्जनों महिला व पुरुषों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड नंबर-10 के वार्ड सदस्य संजीत कुमार ने किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण प्रभा देवी, आरती देवी, दौलती देवी, मीरा देवी, रंजीत कुमार, निर्मला देवी, शिव रनिया देवी, सुभांती देवी, फूल कुमारी देवी, शांति देवी, सुभाष पासवान, शक्ति कुमार, बिजेंद्र राम, रेवंती देवी, सावित्री देवी, सुनीता देवी, सुनीता कुमारी, ज्ञानती देवी, मंजू देवी, कांति देवी, बेलवंती देवी, आरती देवी, लालसा देवी, किरण देवी, उमेश राजवंशी, अजय राजवंशी, बिजन्ती देवी, मनीष राजवंशी, पूजा देवी, छठिया देवी, विभा कुमारी, रामजी दास सहित दर्जनों लोगों का कहना था कि हम लोग महादलित परिवार के लोग कच्चा मकान में झोपड़ी डालकर किसी तरह जीवन यापन करते हैं। जब प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में हमलोगो का नाम आया तो खुशी हुई। उम्मीद जगी कि आने वाले बरसात में हम लोगों को परेशानी नहीं होगी। पक्का छत होगा और उसी में हम लोग सुखपूर्वक जीवन बिताएंगे लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से हमलोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया और पूरे मलहारा पंचायत के आवास लाभुक लाभ से वंचित रह गए।

इसे लेकर पिछले 12 अप्रैल को ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ से मदद की गुहार लगाई थी ताकि वंचित लाभुको को इंदिरा आवास मिल सके लेकिन बीडीओ ने लापरवाही बरती और आजतक कोई पहल नहीं की गई। इस कारण आज भी प्रधानमंत्री आवास लाभुक लाभ से वंचित है। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रदर्शन के बाद अगर जिलाधिकारी ने संज्ञान नहीं लिया तो हमलोग औरंगाबाद समाहरणालय पहुंचकर धरना देंगे। इससे भी जब सुधार नहीं होगा तो मुख्यमंत्री के जनता दरबार जाकर मदद को लेकर दरवाजा खटखटाएंगे।बोले बीडीओ-इस संबंध में बीडीओ अभय कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ है। कार्य चल रहे हैं। जल्द ही डाटा रिकवर कर लिया जाएगा। कब लाभुकों को लाभ मिलेगा, इस पर बोलने से बीडीओ साहब बचते रहे। उन्होंने इतना जरूर कहा कि बहुत जल्द ही लाभुकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।