बांग्लादेश: 17 फरवरी को तारिक रहमान ले सकते हैं पीएम पद की शपथ

नई दिल्ली: बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की दो-तिहाई बहुमत वाली जीत के बाद बांग्लादेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। 

खबर है कि 17 फरवरी को तारिक रहमान बांग्लादेश के नए पीएम के रूप में शपथ लेंगे। जानकारी के मुताबिक तारिक रहमान का शपथ ग्रहण समारोह बांग्लादेश संसद भवन के दक्षिणी प्लाजा में हो सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन, तारिक रहमान को पद की शपथ दिलाएंगे।  

तारिक रहमान

जानकारी के मुताबिक, अब तक 13 देशों को शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण भेजा जा चुका है। मंगलवार को नए मंत्रिमंडल का गठन होगा और सभी सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे। 

इसी बीच बांग्लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान ने राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी भारी चुनावी जीत के बाद शासन संभालने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने स्वीकार किया कि देश को पिछले “अधिनायकवादी शासन” द्वारा छोड़ी गई “नाज़ुक अर्थव्यवस्था” और कमजोर संस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कानून व्यवस्था बहाल करना होगी और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नव-निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में होंगे ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 फरवरी को ढाका में बांग्लादेश की नव-निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नई सरकार बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व में गठित होने वाली है।

लोकसभा अध्यक्ष की इस महत्वपूर्ण समारोह में उपस्थिति भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी और ऐतिहासिक मित्रता को रेखांकित करती है। यह दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को भी पुष्ट करती है।

बता दें कि भारत ने हमेशा लोकतांत्रिक परंपराओं और क्षेत्रीय स्थिरता को समर्थन दिया है और यह सहभागिता उसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *