जाने-किसने तोड़ा डॉ. अंबेडकर का हाथ

नबीनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। नबीनगर के कंकेर पंचायत के हरचंदपुर पचमो के दलित टोले में असामाजिक तत्वों ने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी है।

डॉ. अंबेडकर का बाया हाथ तोड़ डाला है। इस कृत्य को किसने और कब अंजाम दिया, स्थानीय पुलिस इसका पता लगा रही है। घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। शनिवार की सुबह डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का हाथ टूटा देख वहां के लोग सन्न रह गये। कहा कि यह देशद्रोहियों का कृत्य है। ऐसा करनेवाले असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नही जाना चाहिए। ऐसे लोगो पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।

मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। पुलिस असामाजिक तत्वों का पता लगा रही है। मौके पर अंबेडकर स्मारक के पास के चापाकल का हैंडल भी गायब है। इससे माना जा रहा है कि असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने में चापाकल के हैंडल का ही इस्तेमाल किया है। घटना के बाद टोले के दलित समुदाय के लोग बेहद आक्रोश में है।