लखनऊ की युवती से औरंगाबाद के युवक ने की इश्क-मुहब्बत व शादी, फिर धोखा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के एक युवक ने यूपी के लखनउ की एक लड़की इश्क लड़ाया। फिर प्यार किया, शादी भी की और अंत में धोखा दे दिया। इश्क-मुहब्बत के चक्कर में पड़कर युवती की जिंदगी बर्बाद हो गई तो उसने न्याय के लिए पुलिस से फरियाद लगाई है। युवती आशिका (काल्पनिक नाम) ने पुलिस को बताया है कि औरंगाबाद के कर्मा रोड निवासी विकास उपाध्याय से उसे प्रेम हो गया। इसके बाद तीन वर्ष पहले उसने विकास से शादी कर ली। विकास उसे लेकर औरंगाबाद आ गया।

दोनों पति-पत्नी बन कर साथ रहने लगे। इस बीच लड़की के माता-पिता की मौत हो गई तो प्यार करने वाला विकास उसके साथ मारपीट करने लगा। यही नहीं विकास ने उसका पांच बार गर्भपात भी कराया।

बीच-बीच में मारपीट भी करता रहा लेकिन शुक्रवार को विकास ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित युवती ने महिला थाना में न्याय की गुहार लगाई लेकिन महिला थाना की पुलिस ने उसे भगा दिया। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी से कहा कि पुलिस यदि कार्रवाई नहीं करती हैं तो जान दे दूंगी। एसपी ने उसे न्याय का भरोसा दिलाया है।