औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में जनता को मोहपाश में बांधने के उदेश्य से चर्चित राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी के राज्यव्यापी ‘बिहार बदलाव यात्रा’ की कड़ी में पार्टी ने गुरूवार को औरंगाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र के ‘बिहार बदलाव रैली’ निकाली। रैली की शुरूआत विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर से हुई, जिसमें औरंगाबाद विधानसभा की सीट से पार्टी टिकट के सभी दावेदारो ने पूरा दमखम दिखाया।
रैली में औरंगाबाद संभावित प्रत्याशी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रहे प्रो. अनिल कुमार सिंह, देव के बेढ़नी पंचायत के मुखिया मनोज कुमार सिंह, डॉ उमेश सिंह, रमेश सिंह और उमा देवी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए। रैली देव बाजार से पदयात्रा के रूप में आरंभ होकर आगे काफिले तब्दील हो गई। रैली सह यात्रा देव प्रखंड के केताकी बाजार और चट्टी बाजार से होकर गुजरी, जिसका आम लोगों ने स्वागत किया। साथ ही लोगों ने खुले दिल से जनसुराज पार्टी को समर्थन देने की बात कही। इस दौरान सभी संभावित प्रत्याशियों ने यात्रा मार्ग में 10 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।

यह यात्रा अगले दिन भी जारी रहेगी और जन सुराज नेता-कार्यकर्ता औरंगाबाद सदर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान नुक्कड़ सभाओं में जन सुराज नेताओं ने नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार एवं लालू प्रसाद की कारगुजारियों की पोल खोलते हुए उनकी जमकर बखिया उघेड़ी। नुक्कड़ सभाओं की अध्यक्षता जनसुराज पार्टी के औरंगाबाद जिलाध्यक्ष बृज मोहन सिंह ने की जबकि संचालन औरंगाबाद विधानसभा प्रभारी मोहन सिंह ने किया।
