Aurangabad News : बाजार गई महिला की बेरहमी से हत्या, खेत से मिला खून से सना शव

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार के औरंगाबाद में बदमाशों ने एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला के शव को बधार में फेंक दिया। घटना रफीगंज के पौथू थाना क्षेत्र स्थित शिवा गांव की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला रविवार की शाम में घर से बाजार के लिए निकली थी लेकिन देर रात तक वापस अपने घर नहीं लौटी। महिला के वापस नहीं लौटने के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो महिला का शव देखकर दंग रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है।

पूरे मामले पर पौथू थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि शिवा गांव में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर रही है। पौथु थाना क्षेत्र इन दिनों हत्या को लेकर चर्चा में बना हुआ है। बता दें कि 20 दिन पूर्व पहले भी इसी गांव में बदमाशों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिले में लगातार हो रही हत्या की वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश है।