वार्ड पार्षद कर रहे थे भूमि विवाद में पंचायती, नाराज पक्ष ने घोंप दिया चाकू, हालत गंभीर, एक गिरफ्तार, दो फरार  

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। दाउदनगर शहर के अब्दुल बारी पथ में गुरूवार की सुबह भूमि विवाद पंचायती करने के दौरान शहर के वार्ड संख्या-22 के पार्षद नंदकिशोर चौधरी को नाराज पक्ष ने चाकू घोंप दिया। चाकू घोंप दिये जाने से वार्ड पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गये।

घायल पार्षद को आनन-फानन में इलाज के लिए दाउदनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि भूमि विवाद के समाधान के लिए वार्ड पार्षद को बुलाया गया था। घायल वार्ड पार्षद ने बताया कि जैसे ही वे पंचायती के लिए पहुंचे तो तीन में से एक आरोपित अमर चौधरी ने उन्हें चाकू मार दिया। चाकू उनके पीठ में लगी है। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही एक आरोपित अमर चौधरी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

घटना को लेकर वार्ड पार्षद के बयान पर दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। नामजदों में एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि एक आरोपित अमर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।