जनप्रतिनिधियों का शुरू हुआ कोरोना रोधी टीकाकरण, विधायक ने लगाया पहला टीका

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कोविड-19 टीका स्थल का लिया जायजा

लोगों से की टीका लेने की अपील

मधुबनी(गोपाल कुमार)। मधुबनी जिले में शुक्रवार को कोविड-19 टीकाकरण के तहत जनप्रतिनिधियों को टीका लगाने की शुरुआत हुई। प्रथम टीका नगर विधायक समीर कुमार महासेठ को लगाया गया। टीका लेने के बाद उन्होंने बताया टीका सुरक्षित तथा कई स्तरों से प्रमाणित है। टीके को डब्ल्यूएचओ ने भी प्रमाणित किया है। समाज में टीके को लेकर के कई तरह के सकारात्मक एवं नकारात्मक चर्चाएं थी। इसीलिए जब जनप्रतिनिधियों के टीकाकरण की शुरुआत हुई तो मैंने पहला टीका लगाया है ताकि समाज में इसकी गलत अवधारणा को दूर किया जा सके।

टीका लेने के बाद विधायक ने लोगों से अपील की सरकार द्वारा क्रमवार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिनकी बारी आए जरूर टीका लगवाएं। टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीका लेने के बाद किसी तरह की कोई समस्या नहीं होती है। वहीं शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सदर अस्पताल के टीकाकरण केंद्र का जायजा लिया। साथ ही सिविल सर्जन से जिले में कोरोना संक्रमण तथा उसे निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। इस क्रम में सिविल सर्जन द्वारा बताया गया स्वास्थ्य मंत्रालय एवं केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप हम लोगों ने काम किया। कोरोना संक्रमित की सैम्पलिंग अभी भी जारी है तथा लोगों की जांच की जा रही है। जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।

प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीनेट करने की योजना सरकार द्वारा बनाई गई। जिसमें जिले को 14,500 स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिसमें प्राइवेट तथा सरकारी अस्पताल के कर्मचारियों का टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लक्ष्य से ज्यादा टीकाकरण किया गया। जिसमें लगभग 70% स्वास्थ कर्मियों को दूसरी डोज भी दी जा चुकी है। उसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर का टीकाकरण शुरू हुआ जिसमें गृह मंत्रालय, अर्बन डेवलपमेंट, पंचायती राज, रेवेन्यू डिपार्टमेंट का टीकाकरण किया गया। उसमें 5,000 से अधिक का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उसमें भी स्वास्थ्य विभाग ने 100% से लोगों का टीकाकरण किया। पहले दिन ही जिलाधिकारी, और पुलिस अधीक्षक ने टीका लिया। हम लोगों ने उस टारगेट को भी पूरा किया। तीसरे चरण में 4 लाख 21 हजार 60 से ऊपर तथा 45 से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों का टीकाकरण लक्ष्य रखा गया है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभाग ने 7 हजार से अधिक महिलाओं का टीकाकरण किया। शुक्रवार से जनप्रतिनिधियों का टीकाकरण शुरू किया गया है। टीकाकरण के लिए सभी प्रखंडों में अतिरिक्त सत्र स्थल बनाए गए हैं। सिविल सर्जन ने उपस्थित सभी लोगों से टीका लेने की अपील की। उन्होंने बताया अब तक जिले में 42,500 से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

मंत्री गिरिराज सिंह ने बताया यह देश की वैक्सीन है। इसे सभी लोगों को लेना चाहिए। बहुत सारे लोग विभिन्न प्रकार से इसकी चर्चा करते थे। यह टीका देश के वैज्ञानिकों के परिश्रम का नतीजा है कि आज हम लोग के बीच कोविड-19 का टीका उपलब्ध है। भारत से कई देशों के लोग टीके की मांग कर रहे हैं और कई देशों को टीका भारत सरकार द्वारा दिया भी गया है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में लोग आकर टीकाकरण का लाभ लें। उन्होंने बताया कि टीकाकरण को लेकर बहुत ही नकारात्मक एवं सकारात्मक बातें चर्चा का विषय बना हुआ था लेकिन यह देश में निर्मित पूर्णतया सुरक्षित है और कई स्तरों से प्रमाणित किया गया है।