राजस्व की समीक्षा बैठक में बोले एडीएम, अब ऑफलाइन भू-लगान नही होगी वसूली, ऑनलाइन संग्रहण के लिए चलेगा जागरूकता अभियान

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी के साथ राजस्व की समीक्षा बैठक की।

बैठक में भू-लगान, दाखिल खारिज, अभियान बसेरा, लंबित सीडब्ल्यूजेसी एवं एमजेसी के वादों की समीक्षा, सेवांत लाभ, विशेष सर्वेक्षण, अभियान बसेरा, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता आदि मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि बुधवार को पंचायत जांच में सभी राजस्व कर्मचारी पंचायत सरकार भवन में उपस्थित रहकर निरीक्षण के दौरान जांच पदाधिकारी को सहयोग करेंगे। अपर समाहर्ता द्वारा अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विभागीय मार्गदर्शन के आलोक में अब आॅफलाइन भू-लगान वसूली नहीं की जायेगी। आॅनलाइन भू-लगान संग्रहण के लिए जन जागरूकता अभियान चलाना होगा। इसके लिए पूरे जिले में प्रचार प्रसार किया जायेगा। भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर एवं दाउदनगर ने कहा कि जमाबंदी डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की निरंतर समीक्षा की जानी है, क्योंकि इस माह के अंत तक जमाबंदी डिजिटाइजेशन का कार्य सभी अंचलों मे पूर्ण कर लिया जाना है। औरंगाबाद जिले में जमाबंदी डिजिटाइजेशन में रफीगंज एवं औरंगाबाद सदर पीछे हैं। कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भीम राव अंबेडकर आवासीय विद्यालय निर्माण हेतु भूमि, पेट्रोल पंप, आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण हेतु चिन्हित भूमि के एलओसी की भी समीक्षा की। अभियान बसेरा के तहत भूमि उपलब्ध कराने हेतु बंदोबस्ती का प्रस्ताव अंचल अधिकारी द्वारा भेजा जा रहा है। जिलाधिकारी ने 60 दिन से अधिक लंबित दाखिल खारिज वादों को अविलंब निष्पादित करने का निर्देश दिया।

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने जातिगत जनगणना के बारे में सभी अंचल अधिकारियों को संक्षिप्त विवरणी दी। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को निवासियों की सूची उपलब्ध कराई गई, जिनका जाति सत्यापन किया जाना है। जल जीवन हरियाली के तहतअंचल मे जल संरचनाओं जैसे कुआं, तालाब आदि को अतिक्रमण मुक्त कर पोर्टल पर अपडेट करना होता है। अंचल में डाटा अपडेट करने में आ रही परेशानी को दूर करने के लिए राजस्व अधिकारी एवं अंचल के डाटा ऑपरेटर को प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण के उपरांत सभी अंचल में इस बिंदु पर कार्य हुआ है। बैठक में आपदा प्रभारी फतेह फैयाज, दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, आइसीडीएस के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला राजस्व शाखा प्रभारी पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता अनिषा भारती, सभी अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।