एडीएम ने की अंचलाधिकारियों के साथ राजस्व मामलों की समीक्षा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने समाहरणालय सभाकक्ष में सभी अंचलाधिकारी के साथ राजस्व की समीक्षा बैठक की।

बैठक में अपर समाहर्ता ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि नीलाम पत्र से संबंधित वादों को 10 जुलाई 2021 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में भेजने हेतु वादों की यथाशीघ्र सूची उपलब्ध कराए। अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए जाने वाले कार्यक्रम जनता के दरबार में मुख्यमंत्री के मद्देनजर अपने अंचल में भूमि विवादों, सेवांत लाभ के मामले एवं अन्य मामलों के निष्पादन में तेजी लाए।बैठक में दाखिल खारिज में 60 दिनो से ज्यादा लम्बित वादों को जल्द से जल्द निवारण करने का निर्देश दिया। साथ ही अंचल अधिकारी और अंचल निरीक्षकों को अपने अंचल के राजस्व कर्मचारी के साथ नियमित रुप से बैठक कर ऑफलाइन लगान वसूली में और अधिक वृद्धि करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त अंषुल कुमार ने सभी अंचल अधिकारियों को तालाब, पोखर अतिक्रमण के वादों पर गम्भीर रूप से ध्यान देने का निर्देष दिया। साथ ही अभियान बसेरा एवं मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना के अंतर्गत अतिक्रमण हटाने के दौरान विस्थापित भूमिहीन लोगों को भूमि देने हेतु कार्रवाई करने का निर्देश दिया ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना से इनको आच्छादित किया जा सके। बैठक में उपस्थित सहायक आपदा प्रभारी मणिकांत कुमार ने सभी अंचलों में लंबित एसी-डीसी बिल के समायोजन कज्ञ निर्देश दिया। इसके पश्चात संबंधित अंचलों में वज्रपात से मृत्यु को लेकर इसका कारण सहित आंकलन कर जिले में भेजने का निर्देश दिया गया। बैठक में सदर भूमि सुधार उप समाहर्ता अविनाश कुमार सिंह, दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता फतेह फैयाज, वरीय उप समाहर्ता आलोक राय, वरीय उप समाहर्ता सह जिला नीलाम पत्र प्रभारी मनीष कुमार, राजस्व प्रभारी अनीशा भारती, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।