एडीएम ने की सभी सीओ-सीआई के साथ की राजस्व मामलों की समीक्षा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के अपर समाहर्ता ने समाहरणालय सभाकक्ष में सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं अंचल निरीक्षक के साथ राजस्व की समीक्षा बैठक की।

बैठक में राजस्व लगान, दाखिल खारिज, अभियान बसेरा, लंबित एमजेसी एवं सीडब्ल्यूजेसी के वादों की समीक्षा, पोस्ट रिटायरमेंट बेनिफिट्स आदि मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा नबीनगर, दाउदनगर एवं ओबरा में मंदिरों की चहारदीवारी का निर्माण, कब्रिस्तानों की घेराबंदी से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। बारुण, औरंगाबाद एवं मदनपुर अंचल को डीएफसीसीआईएल प्रोजेक्ट हेतु भूमि ट्रांसफर करने हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया गया। अपर समाहर्ता ने दाउदनगर, नबीनगर एवं ओबरा के अंचल अधिकारी को म्यूटेशन से संबंधित मामलों में प्रगति लाने का निर्देश दिया।

साथ ही 60 दिनों से अधिक लंबित म्यूटेशन का डिस्पोजल अविलंब करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बाबू जगजीवन राम छात्रावास एवं पिछड़ा वर्ग छात्रावास हेतु भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव जिला में भेजने का निर्देश दिया गया। सभी अंचलाधिकारी को अभियान बसेरा के तहत वास भूमि को चिन्हित कर जिला में प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त अपर समाहर्ता द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को लंबित सरकारी भूमि अतिक्रमण के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सदर भूमि सुधार उप समाहर्ता, अविनाश कुमार सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता दाउदनगर संजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मनोज कुमार, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।