ओबरा में दाखिल खारिज के सर्वाधिक मामले लंबित रहने पर एडीएम ने लगाई सीओ को फटकार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के अपर समाहर्ता ने गुरूवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सभी अंचलाधिकारी, नवपदस्थापित राजस्व अधिकारी एवं अंचल निरीक्षक के साथ राजस्व की समीक्षा बैठक की।


बैठक में राजस्व लगान, दाखिल खारिज, अभियान बसेरा, लंबित एमजेसी एवं सीडबल्यूजेसी के वादों की समीक्षा और पोस्ट रिटायरमेंट बेनिफिट्स आदि मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा नबीनगर, दाउदनगर एवं ओबरा में मंदिर चहारदिवारी का निर्माण, कब्रिस्तान घेराबंदी से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। अपर समाहर्ता ने राजस्व संग्रहण में धीमी गति, लंबित जमाबंदी अपडेशन और रिकॉर्ड ऑफ राइट्स अपडेशन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होने औरंगाबाद सदर एवं दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता को जमाबंदी डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की निरंतर समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को लंबित सरकारी भूमि अतिक्रमण के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। अपर समाहर्ता ने सभी अंचल अधिकारी को म्यूटेशन से संबंधित मामलों में प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होने 60 दिनों से अधिक लंबित म्यूटेशन का डिस्पोजल अविलंब करने का निर्देश दिया। ओबरा में सबसे ज्यादा 14 मामलो के लंबित होने के कारण वहां के अंचल अधिकारी को फटकार लगाई एवं इसे अविलंब निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही 21 दिनों से अधिक लंबित म्यूटेशन के डिस्पोजल में भी प्रगति लाने का निर्देश सभी को दिया।

इसके बाद अपर समाहर्ता ने भूमि विवाद के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता ने सभी अंचल अधिकारियों को डिजिटली हस्ताक्षरित रिकॉर्ड ऑफ राइट्स निर्गत करने के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होने नवपदस्थापित राजस्व अधिकारियों को राजस्व संबंधित कार्यों का संक्षिप्त विवरण भी दिया। इसके बाद ऑनलाइन एवं ऑफलाइन राजस्व संग्रहण को बढाने के लिए सभी ज़रुरी कदम उठाने का निर्देश दिया। कहा कि ऑनलाइन राजस्व संग्रहण को बढाने के लिये लोगों के बीच जागरुकता फैलाने की ज़रुरत है तथा ऑफलाइन राजस्व संग्रहण के लिये कैंप लगाने का निर्देश दिया। साथ ही साथ राजस्व कर्मचारियों को इसके लिये गम्भीर रूप से प्रोत्साहित करने की सलाह दी। बैठक में सदर भूमि सुधार उप समाहर्ता अविनाश कुमार सिंह, दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार, राजस्व प्रभारी सह वरीय उप समाहर्ता अनीशा भारती, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।