ADM ने की जिलास्तरीय प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की समीक्षा बैठक

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने बुधवार को जिलास्तरीय प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की समीक्षा बैठक आहूत की।

बैठक में भू अर्जन विभाग के तहत अधिग्रहित भूमि के म्यूटेशन से संबंधित समीक्षा की गई। बैठक में पुनपुन बराज के कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बताया कि गोह एवं हसपुरा में अधिग्रहित अभी तक कुल 982 रैयतों को मुआवजा दे दिया गया है परंतु जमीन के म्यूटेशन की प्रगति काफी कम है। साथ ही इस वर्ष अधिग्रहित की जा रही भूमि का विभागीय रेट कम होने के कारण रैयतों द्वारा खेद व्यक्त किया जा रहा है। इस पर जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का रेट विभाग द्वारा तय किया जाता है।

म्यूटेशन के संबंध में जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि अधिग्रहित भूमि के म्यूटेशन हेतु संबंधित अंचल अधिकारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया गया है। इस पर बैठक में संबंधित अंचल अधिकारियों को गुरुवार को होने वाले राजस्व की बैठक में प्रगति से संबंधित प्रतिवेदन लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी मनोज कुमार, पुनपुन बराज के कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र कुमार, सहायक अभियंता राजनंदन प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।