औरंगाबाद में Covid-19 टीकाकरण महाअभियान का अपर कार्यपालक निदेशक ने किया निरीक्षण

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। कोविड-19 से बचाव हेतु टीकाकरण की गति तेज़ करने और कवरेज को विस्तार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। समय-समय पर महाभियान आयोजित कर टीकाकरण के कवरेज को बढ़ाया जा रहा है। इस क्रम में आज 28 अक्टूबर 2021 को राज्यव्यापी टीकाकरण महाभियान का आयोजन किया गया। जिले में टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ दानी बीघा आंख अस्पताल के प्रांगण में किया गया।

उक्त स्थल पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से आयोजित विशेष दूरस्थ स्वास्थ्य शिविर में कोविड 19 से बचाव हेतु लगाए गए टीकाकरण स्टॉल का फीता काटकर उद्घाटन डीएम सौरभ जोरवाल, उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार, सिविल सर्जन डॉ कुमार वीरेंद्र प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

जिले में टीकाकरण महाअभियान का पर्यवेक्षण करने एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार पटना के अपर कार्यपालक निदेशक अनिमेष पराशर द्वारा जिले में विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। अपर कार्यपालक निदेशक के औरंगाबाद आगमन पर स्वागत जिले की सीमा पर डीएम एवं डीडीसी द्वारा स्वास्थ्य एवं प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के साथ उपस्थित रहकर किया गया।

अपर कार्यपालक निदेशक द्वारा शमशेर नगर हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का सर्वप्रथम भ्रमण किया गया। टीकाकरण की व्यवस्था और हेल्थ वैलनेस सेंटर के संचालन का जायजा लेने के उपरांत अपर कार्यपालक निदेशक अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर पहुंचे जहां उन्होंने संस्थान में अधिष्ठापित ऑक्सीजन प्लांट एवं अस्पताल की व्यवस्था का निरीक्षण किया।

इस क्रम में उन्होंने निर्देश दिया के छठ पूजा तक कोविड-19 का पहला डोज एडमिनिस्ट्रेशन करने का कार्य पूरा कर लिया जाए। दाउदनगर की व्यवस्था से संतुष्ट होने के उपरांत अपर कार्यपालक निदेशक ओबरा पहुंचे। रास्ते में उन्होंने खराटी मध्य विद्यालय में संचालित वैक्सिनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। खरांटी मध्य विद्यालय में एनसीसी कैडेट्स द्वारा उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया गया।

ओबरा हाई स्कूल में संचालित नाइन टू नाइन वैक्सीनेशन सेंटर के निरीक्षण के क्रम में अपर कार्यपालक निदेशक द्वारा यह पाया गया कि वैक्सीनेशन की गति काफी धीमी है। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आम जन को मोबिलाइज कर वैक्सीनेशन में गति लाने के लिए निर्देशित किया गया। तत्पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा का निरीक्षण किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ओबरा में अपर कार्यपालक निदेशक द्वारा प्रसव कक्ष, टीकाकरण कक्ष, सभी वार्डों का निरीक्षण किया गया एवं अस्पताल में भर्ती रोगियों का हाल-चाल लिया गया। अस्पताल की व्यवस्था से संतुष्ट होने के भाव के साथ अपर कार्यपालक निदेशक द्वारा स्वास्थ्य अधिकारियों को संस्थागत प्रसव बढ़ाने एवं सरकार सुविधाओं को बेहतर तरीके से आमजन को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। सरकार द्वारा संचालित टेलीमेडिसिन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। टेलीमेडिसिन के अंतर्गत प्रत्येक स्पोक में सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य कराने का निर्देश दिया गया।

इस आशय की जानकारी देते हुए डीपीएम डॉक्टर कुमार मनोज द्वारा बताया गया कि अभियान के लिए जिले को लगभग एक लाख टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था। लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में अपेक्षित काम हो रहे हैं। शाम चार बजे तक लगभग पचास हजार इम्यूनाइजेशन का कार्य संपन्न हो चुका है साथ ही डाटा एंट्री का कार्य चल रहा है। महाअभियान के आयोजन में जिला प्रशासन,  स्वास्थ्य विभाग एवं डेवलपमेंट पार्टनर के तमाम पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सहयोग संतोषजनक एवं सराहनीय है। अपर कार्यपालक निर्देशक अनिमेष पाराशर द्वारा इस विषय को लेकर संतुष्टि व्यक्त की गई है।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)