उत्तर कोयल नहर सिंचाई परियोजना के कार्यों में लाएं तेजी, औरंगाबाद के सांसद ने की लोकसभा में मांग

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह ने लोकसभा में बुधवार को बिहार-झारखंड के 1.25 लाख हेक्टेयर खेतों की सिंचाई के लिए जीवनदायिनी उत्तर कोयल नहर सिंचाई परियोजना के कार्य में तेजी लाने की मांग की।

सांसद ने कहा कि उत्तर कोयल नहर सिंचाई परियोजना एक अन्तर्राज्यीय सिंचाई परियोजना है।यह परियोजना आज से 45 वर्ष पूर्व शुरू हुई थी लेकिन अभी तक अधूरी है। इस परियोजना से दोनों राज्यों झारखंड के पलामू और बिहार के औरंगाबाद एवं गया जिलों को मिलाकर 1.25 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होनी है। इस परियोजना के अधूरे काम को पूरा कराने के कार्य का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 4 जनवरी 2019 को किया था। 30 महीने में इस काम को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित था। अभी काम चल रहा है लेकिन जिस गति से काम चलना चाहिए, उस गति से काम नही चल रहा है। काम मे तेजी लाना चाहिए ताकि निर्धारित समय मे यह काम पूरा हो सके।

कहा कि यह परियोजना मेरे संसदीय क्षेत्र की जीवन रेखा है। यह परियोजना मेरे क्षेत्र के किसानों के जीने का आधार है। परियोजना से सिंचित होनेवाले तीनों ही जिले पूरी तरह से नक्सल क्षेत्र हैं और उग्रवाद से प्रभावित हैं। प्रधानमंत्री ने इन तीनों जिलों झारखंड के पलामू और बिहार के औरंगाबाद और गया को पिछड़े होने के कारण आकांक्षी जिलों की सूची में रखा है। यह परियोजना पूरी हो और हमारे किसानो के खेत में उत्तर कोयल नहर का पानी पहुंचे ताकि यहां की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो। इस परियोजना के माध्यम से बेरोजगारी भी दूर होगी और नक्सल की समस्या भी खत्म होगी और हमारे किसान खुशहाल होंगे। यह परियोजना पांच संसदीय क्षेत्रों को आच्छादित करती है। इसलिए आप अनुरोध है कि जिस तरह से हमारी सरकार ने गति शक्ति योजना और पुरानी परियोजनाओं को पूरा करने का काम शुरू किया है। उसी तरह उत्तर कोयल सिंचाई योजना के काम को भी कम से कम समय में पूरा किया जाए।