बहन को ससुराल पहुंचा कर लौट रहे युवक की कार दुर्घटना में मौत, दोस्त घायल

अम्बा(औरंगाबाद)। अम्बा -नवीनगर मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई वहीं दूसरा युवक घायल है। यह घटना गुरुवार की दोपहर 12:30 बजे तमसी गेट के समीप की है।

मृतक की पहचान नवीनगर के शिवपुर गांव निवासी लक्ष्मण शर्मा के 24 वर्षीय पुत्र घनश्याम कुमार तथा घायल युवक की पहचान उक्त गांव निवासी दिनेश सिंह के 30 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है।

घायल युवक ने बताया कि मृतक राखी बांधने आई अपनी बहन को बालूगंज पहुंचा कर लौट रहा था। उसी क्रम में घटनास्थल के समीप एक बाइक सवार ने उन्हें चकमा दिया।

बाइक सवार को बचाने के क्रम में कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की सूचना कुटुंबा थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल में पहुंची और दोनों युवक को गाड़ी से निकाल कर रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले गई। जहां डॉक्टरों में जांच करने के पश्चात घनश्याम कुमार को मृत घोषित कर दिया और घायल युवक का प्राथमिक उपचार करने के पश्चात बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया।

प्रशासन के द्वारा मृतक एवं घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। थानाध्यक्ष बलवंत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के पश्चात लाश को परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने बताया कि सदर अस्पताल में जांच करने के पश्चात घायल युवक को घर भेज दिया गया है।