बिहार के पंचायती राज मंत्री कपील देव कामत का कोरोना से निधन, एम्स में ली अंतिम सांस

पटना। बिहार के पंचायती राज मंत्री व जदयू के वरिष्ठ नेता कपील देव कामत का कोरोना संक्रमण के कारण आज निधन हो गया। श्री कामत ने पटना के एम्स में अंतिम सांस ली। वे पिछले दिनों कोरोना से संक्रमित होने के बाद एम्स में भर्ती हुए थे। बताया जाता है कि उन्हें पहले से ही किडनी की परेशानी थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। गुरुवार को उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया था। कामत की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाये हुए थे। एक दिन के अंतराल पर उनका डायलिसिस किया जा रहा था। बीच में उनकी हालत स्थिर हो गई थी, लेकिन बाद में बिगड़ गई थी।

कपील देव कामत के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत जी का असामयिक निधन दुःखद है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।