कुएं में मौजूद जहरीली गैस के चपेट में आकर दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

रफीगंज(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। रफीगंज के गोरडीहा गांव के उत्तर बघार में स्थित एक कुएं में मौजूद जहरीली गैस के चपेट में आकर दो लोगो की मौत हो गई जबकि एक की हालत खराब हो गई।

बताया जाता है कि गुरुवार को गांव के ही महेश यादव जानवर चराने के दौरान कुएं में गिर गए। उनको निकालने के लिए गांव के ही जितेंद्र कुमार रस्सी के सहारे कुएं के अंदर गए। कुएं में जाते ही वहां मौजूद जहरीली गैस से बेहोश हो गए। इसके बाद दोनो को बचाने के लिए गांव के ही मधीर दास उर्फ पंडित भी रस्सी के सहारे कुएं में गये और जाते ही बेहोश हो गए।

इसकी जानकारी गांव में पहुंचने के बाद विजय यादव एवं अन्य ग्रामीणों के साथ कुएं के पास पहुचे। दोनों को कुएं में बेहोशी में देख उसी अवस्था में रस्सा के जरिए कुएं में जा रहे थे। इसी दौरान वे भी बेहोश हो गए। आनन-फानन में लोगो की मदद से उन्हें खींचकर बाहर निकाला गया। इसकी सूचना रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं थाना को दी गयी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से ऑक्सीजन सहित एंबुलेंस को आया।

ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह दोनों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां .डॉ. अरविंद कुमार सिंह एवं डॉ. किशोर कुमार सिंह ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे।

मृतक मधीर दास के पिता रामेश्वर दास, मृतक जितेंद्र यादव के चाचा सुरेंद्र यादव सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मृतक जितेंद्र यादव की पत्नी देवंती देवी एवं 5 वर्षीय लड़का संदीप कुमार, 3 वर्षीय सोनी कुमारी है। मृतक मधीर दास की पत्नी पूनम देवी, दो लड़का 3 वर्षीय कृष्णा कुमार, मुन्ना कुमार एवं एक लड़की सोनी कुमारी है। उनके परिजनों को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ विश्वकर्मा, पूर्व मुखिया शहजादा शाही, मुखिया बिनोद प्रसाद, ग्रमीण विमल सिंह एवं पंचायत समिति सदस्य युगेश पासवान ने परिजनों को ढ़ाढस बंधाया।