हत्या कर झाड़ी में फेंका किशोर का शव बरामद

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाईव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। दाउदनगर थाना क्षेत्र में गोरडीहां पंचायत के बसन बीघा गांव निवासी 15 वर्षीय किशोर अमित कुमार की हत्या अपराधियों द्वारा कर दी गयी। गुरुवार की दोपहर में उसका शव मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही दाउदनगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम एवं सब इंस्पेक्टर मो. अरमान सदल बल केघटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि बाबू अमौना के नजदीक ताड़ और अमरूद के बागान से उसका शव मिला है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि अंदरूनी चोट से उसकी मौत हुई लगती है। मृतक के भाई विकास कुमार द्वारा अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है।

बताया जाता है कि मृतक के शरीर पर कटे-छटे का निशान भी है। गला में एक गमछा भी लपेटा हुआ था। बताया जाता है कि मृतक अमित कुमार घर से खाना खाकर गुरुवार को करीब 10 बजे सुबह अपने लकड़ी की आरा मशीन आकर बैठा था लेकिन इसी बीच यहां से किसके साथ गया या फिर कौन इसको यहां से ले गया, यह जानकारी नहीं मिल रही है। आरा मशीन पर ही मोबाइल छूटा हुआ है। बिना मोबाइल के ही मृतक अमित कुमार को ले जाकर हत्या किया गया है। मृतक नवीं का छात्र था। किशोर तीन भाइयों में सबसे छोटा है। सबसे बड़ा भाई राकेश कुमार सीआरपीएफ का जवान हैं जो अपने ड्यूटी पर तैनात हैं। वही दुसरा भाई विकास कुमार साथ में ही रहता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।