ओबरा-दाउदनगर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार की मौत, चार घायल, विरोध में सड़क जाम व प्रदर्शन

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले के ओबरा और दाउदनगर थाना क्षेत्र में बीती रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगो की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दाउदनगर थाना क्षेत्र में बारूण रोड में दो बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों का औरंगाबाद सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। बताया जाता है कि दाउदनगर-बारुण रोड स्थित चैरम पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई. इसके बाद स्थानीय लोगाों ने पांच लोगों को आनन-फानन में दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन अन्य घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मृतकों में दाउदनगर के अमृत बिगहा निवासी 25 वर्षीय चंद्रमा पासवान एवं तरारी कुर्बान बीघा निवासी 30 वर्षीय शंकर पासवान शामिल हैं। घायलों में तरारी कुर्बान बीघा निवासी लाल बाबू, अजीत कुमार तथा अमृत बिगहा निवासी बाल लखंदर शामिल है।

वही दूसरी घटना मे ओबरा थाना क्षेत्र में खरांटी में पुल के पास पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर स्कोर्पियो एवं टैंकर के टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। वही एक अन्य घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक टैंकर औरंगाबाद से दाउदनगर की तरफ जा रहा था और स्कोर्पियो दाउदनगर से ओबरा की तरफ आ रहा था। इसी बीच खराटी पुल के पास दोनों गाड़ियों में टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान मनीष कुमार और रौशन कुमार पिता सूर्य देव सिंह ओबरा के रूप में हुई है। घायल सोनू कुमार पिता रामु भरुब के निवासी हैं। गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति को औरंगाबाद रेफर किया गया है। वही सुचना मिलते ही थानाध्यक्ष गिरीश शंकर दल बल के साथ पहुंचे और शव को बड़े मेहनत के बाद स्थानीय निवासियों के मदद से बाहर निकाला। वही घटना के बाद बुधवार की सुबह स्थानीय नागरिको का गुस्सा फूटा और लोगो ने एनएच 139 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशितों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराने व मुआवजा की मांग की। स्थानीय थानाध्यक्ष के समझाने तथा वरीय अधिकारियों के समक्ष उनकी मांग को रखने के आश्वासन के बाद आक्रोशितों ने जाम हटाया।