छठी मईया की भक्ति में डूबा बैरांव, तीन दिवसीय महोत्सव का भव्य आगाज

तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, पारंपरिक छठ गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

अंबा (औरंगाबाद)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सूर्य नगरी बैरांव में शुक्रवार को तीन दिवसीय छठी मईया महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। 13 से 15 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव के पहले दिन पूरा परिसर छठी मईया की भक्ति, पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर नजर आया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को उत्सव का भव्य स्वरूप प्रदान किया।

महोत्सव का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुबोध सिंह, बीडीओ प्रियांशु बसु, सीओ चंद्र प्रकाश तथा साहित्यकार सुरेंद्र कुमार मिश्र, सिद्धेश्वर विद्यार्थी और आदित्य श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंच संचालन मध्य विद्यालय कुटुंबा के प्राचार्य चंद्रशेखर साहू एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैरांव के प्राचार्य विनय कुमार गुप्ता ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2009 में ग्रामीणों के सामूहिक संकल्प से सूर्य मंदिर की नींव रखी गई थी। ग्रामीणों की आस्था, समर्पण और सहयोग का ही परिणाम है कि आज बैरांव के साथ रुद्र बिगहा, नैन बिगहा सहित आसपास के गांवों के लोगों की सहभागिता से यह स्थल क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि छठी मईया महोत्सव हमारी लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

वहीं, बीडीओ प्रियांशु बसु एवं सीओ चंद्र प्रकाश ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता, पवित्रता और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं से आपसी सहयोग और शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।

महोत्सव के पहले दिन जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, स्थानीय कलाकारों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से सूर्य नगरी बैरांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *