पटना: बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में बदलाव करते हुए दो भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों और बिहार पुलिस सेवा के 27 अधिकारियों का तबादला किया है। रविवार देर रात गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई अनुमंडलों में नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा साइबर क्राइम, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, एसटीएफ, मद्य निषेध और बी-सैप में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
तबादले के तहत 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी नारायण उपाध्याय को पटना के फुलवारीशरीफ में एसडीपीओ-वन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मुजफ्फरपुर नगर के एसडीपीओ-दो कार्तिकेयन एके को पुलिस मुख्यालय में एएसपी के पद पर पदस्थापित किया गया है। उन्हें फिलहाल नई तैनाती की प्रतीक्षा में रखा गया है।
मसौढ़ी से लेकर फुलवारीशरीफ तक बदले SDPO
मधेपुरा में साइबर क्राइम के डीएसपी आशीष राज को मसौढ़ी का एसडीपीओ-दो बनाया गया है। भास्कर रंजन को बक्सर जिले के डुमरांव, मंगलेश कुमार सिंह को कटिहार के बारसोई, दीपक कुमार को मुजफ्फरपुर नगर और प्रांजल को सीवान सदर का एसडीपीओ नियुक्त किया गया है।
इसी तरह संतोष कुमार पोद्दार को खगड़िया सदर में एसडीपीओ-दो, सुमित शेखर को छपरा सदर में एसडीपीओ-वन और रवि कुमार को जगदीशपुर का एसडीपीओ बनाया गया है।
साइबर क्राइम और निगरानी इकाइयों में नई तैनाती
साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी और कार्रवाई को लेकर चार जिलों में डीएसपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। नवीन कुमार को मधुबनी, मनीष चंद्र चौधरी को मधेपुरा, लव कुमार को शेखपुरा और मो. फैसल चांद को सारण में डीएसपी (साइबर क्राइम) नियुक्त किया गया है।
ज्योति कुमारी को विशेष निगरानी इकाई और मनीषा कुमारी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीएसपी बनाया गया है। संजय कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में, अजय कुमार सिंह को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) में तथा सुरेंद्र कुमार सिंह को मद्य निषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामपुकार सिंह को बी-सैप-14, पटना में एएसपी बनाया गया है।
बी-सैप, रेलवे और जिला मुख्यालयों में भी बदलाव
अन्य तैनातियों में धीरेंद्र कुमार को बी-सैप-12, भीमनगर (सुपौल), ममता प्रसाद को बी-सैप-पांच, पटना और जयप्रकाश सिंह को बी-सैप-18, डुमरांव में डीएसपी की जिम्मेदारी दी गई है। अनिकेत अमर को नाथनगर सिपाही प्रशिक्षण विद्यालय में तैनात किया गया है, जबकि सुमन कुमार शर्मा को एडीजी रेलवे कार्यालय में पदस्थापित किया गया है।
जिला स्तर पर कृष्णा कुमार को सीवान में डीएसपी ट्रैफिक, संजय कुमार सिन्हा को औरंगाबाद में डीएसपी मुख्यालय-दो, आशुतोष कुमार को रेल डीएसपी कटिहार और रजनीश कुमार को अररिया में डीएसपी मुख्यालय बनाया गया है।
इस फेरबदल के जरिए राज्य के विभिन्न अनुमंडलों के साथ-साथ विशेष पुलिस इकाइयों और प्रशिक्षण संस्थानों में भी अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
