नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पीड़िता के गांव पहुंची भाकपा-माले की जांच टीम


मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी पर आंदोलन की चेतावनी, एसपी और सिविल सर्जन से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल


अंबा, औरंगाबाद : नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद भाकपा (माले) की जिलास्तरीय जांच टीम बुधवार को पीड़िता के गांव पहुंची। जिला सचिव मुनेंद्र राम के नेतृत्व में टीम ने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

पीड़िता ने टीम को बताया कि वह कुटुंबा अस्पताल जा रही थी, तभी देवरिया नहर पुल के पास एक चार पहिया वाहन सवार लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने हत्या के प्रयास का भी आरोप लगाया। बाद में आरोपियों ने उसे देवरिया स्कूल के पास छोड़ दिया और फरार हो गए।

Oplus_16908288

माले नेताओं ने इस मामले में मुख्य आरोपी राजू कुमार सिंह उर्फ झुन्नु सिंह की तत्काल गिरफ्तारी और सभी आरोपियों को कठोर सजा देने की मांग की।

टीम ने मेडिकल जांच को लेकर आशंका जताते हुए विशेष मेडिकल बोर्ड गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों द्वारा अनुसंधानकर्ता की भूमिका पर सवाल उठाए जाने के बाद जांच अधिकारी को बदलने की भी मांग उठाई गई।

जिला सचिव मुनेंद्र राम ने कहा कि जल्द ही इस मामले को लेकर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल एसपी और सिविल सर्जन से मिलेगा। यदि आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय देने में कार्रवाई नहीं हुई तो भाकपा-माले जन-आंदोलन शुरू करेगी।

जांच टीम में किसान महासभा के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, जिला कमेटी सदस्य अशोक यादव, संजय तेजा, सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र मेहता, मंटू कुशवाहा, मधुप मेहता और गुड्डू यादव शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *