- 26 पंचायत समिति योजनाओं के क्रियान्वयन के बदले मांगी गई थी 3.5 लाख रुपये की रिश्वत, पहली किस्त लेते पकड़े गए अमित प्रसाद सिंह
बांका। बांका जिले के फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रसाद सिंह को पटना निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति बच्चन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। निगरानी टीम ने बच्चन कुमार की जींस की जेब से रिश्वत की रकम बरामद की है।
निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद ने बताया कि पंचायत समिति प्रमुख गौतम प्रकाश ने पांच अगस्त 2026 को निगरानी थाना में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच में आरोप सत्य पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।

BDO के आवास पर निगरानी टीम की कार्रवाई
जांच के आधार पर निगरानी विभाग की टीम ने बुधवार को फुल्लीडूमर BDO अमित प्रसाद सिंह के आवास पर कार्रवाई की। इसी दौरान रिश्वत की रकम के लेन-देन में BDO को गिरफ्तार किया गया। टीम ने मौके से 75 हजार रुपये बरामद किए। कार्रवाई के दौरान बच्चन कुमार को भी पकड़ा गया, जो झपनिया, बौंसी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। बताया गया है कि बच्चन कुमार रिश्ते में BDO का मामा लगता है।
26 योजनाओं के बदले मांगी गई थी 3.5 लाख रुपये की रिश्वत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रखंड पंचायत समिति की 26 योजनाओं के क्रियान्वयन के एवज में कुल 3.5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। इसी रकम की पहली किस्त के रूप में 75 हजार रुपये दिए जा रहे थे। इसी दौरान निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी कर BDO को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 102/2026 दर्ज किया गया है। निगरानी विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
