प्रशांत किशोर की जीत से गूंजा बिहार, अंबा में जन सुराज कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाइयां


बांकीपुर उपचुनाव में 19324 वोटों से मिली ऐतिहासिक जीत, कार्यकर्ताओं ने कहा – यह नए सियासी अध्याय की शुरुआत


अंबा, औरंगाबाद : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने 19324 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है। इस जीत को पार्टी और समर्थक बिहार में बदलाव का शंखनाद बता रहे हैं।

परिणाम घोषित होते ही अंबा प्रखंड में जश्न का माहौल बन गया। जन सुराज के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।

अंबा में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष रंधीर कुमार सिंह, अभियान सह संयोजक पप्पू कुमार सिंह, अरुण कुमार पांडेय, अभय कुमार, सोनू पांडेय, धीरज पांडेय, प्रेम पाठक, आफताब खान, निर्मल पाठक, अनुपम प्रकाश और संतोष कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नेताओं ने कहा कि यह जीत सिर्फ एक सीट की नहीं है। यह बिहार की जनता की जीत है। उन्होंने कहा, “पिछले कई सालों से जातिवाद और सोशल मीडिया के जरिए समाज को बांटकर राजनीति करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। प्रशांत किशोर की जीत बिहार में विकास आधारित और सकारात्मक राजनीति की शुरुआत है।”

कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जन सुराज का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और राज्य में एक नए राजनीतिक मॉडल की नींव रखी जाएगी। बीजेपी की संकीर्ण राजनीति को भी इस जनादेश से स्पष्ट संदेश गया है।

बांकीपुर का यह नतीजा आने वाले समय में बिहार की राजनीति की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *